बिलासपुर; शराब दुकान के सामने हुड़दंग मचाने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है, जहां ट्रांसपोर्ट नगर परसदा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने सड़क पर कुछ युवक शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। दिनांक 20 अगस्त को जैसे ही पुलिस को सूचना मिली, चकरभाठा थाना की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी बदमाशों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान शनि सूर्यवंशी, सूरज सूर्यवंशी, अनिल चंदेल, सुजीत बंजारे, अमित भावे और कृष्ण श्रीवास के रूप में हुई। सभी आरोपी बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने सभी बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधक धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं, जिन पर पृथक से धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
