VIDEO! मुंगेली; वासुदेव प्लांट में बड़ा हादसा: गर्म डस्ट में गिरे दो मजदूर, हालत नाजुक..सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप, पढ़िए पूरी खबर!

मुंगेली: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के रामबोड़ स्थित वासुदेव स्पंज आयरन प्लांट में मेंटेनेंस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ऊंचाई पर कार्य कर रहे फिटर पंकज निषाद और ठेकेदार संजय सिंह अचानक संतुलन बिगड़ने से गर्म डस्ट में गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त दोनों मजदूर शेड की ऊपरी संरचना पर मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान फिसलने से वे सीधे गर्म डस्ट में जा गिरे। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगे हैं। मजदूर संगठनों का कहना है कि न तो सेफ्टी बेल्ट दी गई थी और न ही कोई सुरक्षात्मक उपकरण। इससे श्रमिक सुरक्षा को लेकर प्लांट की लापरवाही उजागर हुई है। मजदूर संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। फिलहाल प्रशासन और श्रम विभाग से जांच की मांग की जा रही है।


















