गुंडों पर गरजी बिलासपुर पुलिस; 30 वारंट तामील, 2 फरार आरोपी गिरफ्तार..159 निगरानी बदमाशों की कुंडली खंगाली..बिलासपुर में अपराधियों पर भारी पड़ी जीरो टॉलरेंस नीति!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में 15 जून 2025 को जिले में एक बड़ा और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व एएसपी शहर राजेन्द्र कुमार जायसवाल, एएसपी ग्रामीण अर्चना झा एवं एएसपी (ACCU) अनुज कुमार ने किया। अभियान के तहत गुंडा, निगरानी बदमाशों, वारंटियों और संदेहियों पर शिकंजा कसते हुए पूरे जिले में पुलिस ने मोर्चा संभाला। इस विशेष ऑपरेशन के दौरान 11 स्थायी वारंट एवं 19 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 30 वारंट तामील किए गए। वहीं 159 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की तलाशी व चेकिंग की गई। इनमें से कई बदमाशों को थानों में तलब कर पूछताछ भी की गई, जबकि थाने न आने वालों को उनके निवास स्थलों पर जाकर चेक किया गया। पुलिस ने इस दौरान 62 संदिग्धों को थाने बुलाकर पूछताछ की और उनके फिंगरप्रिंट लेकर ICJS पोर्टल पर सत्यापन कराया। अभियान में 5 से 6 वर्षों से फरार स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। साथ ही थाना सीपत और कोटा के गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। इसके अलावा पूर्व में जिलाबदर किए गए 21 बदमाशों और वर्तमान में जिलाबदर 3 बदमाशों को भी चेक किया गया। कुछ चिन्हित बदमाश, जो पूर्व कार्रवाई में जेल भेजे जा चुके हैं, उनकी गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस का यह सतत अभियान अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाता है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा देना और अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना है। बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी मोहल्ले या क्षेत्र में कोई असामान्य या संदिग्ध व्यक्ति निवास कर रहा हो, जिसकी पहचान स्थानीय न हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।



















