बच्चों की किताबें बेच रही थी संकुल समन्वयक, ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ा..वीडियो वायरल, तत्काल निलंबन!

छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शासकीय विद्यालय की छात्र-छात्राओं के लिए भेजी गई पाठ्यपुस्तकों को खुलेआम बेचते हुए एक संकुल समन्वयक को रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोप है कि संकुल समन्वयक पूर्णिमा वर्मा शनिवार शाम सांकरा शासकीय स्कूल की पुस्तकें कबाड़ी को बेच रही थी, तभी ग्रामीणों ने उसे धर दबोचा। घटना शाम करीब साढ़े छह बजे की है। ग्रामीणों को स्कूल में कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और पूर्णिमा वर्मा को किताबों का सौदा करते हुए पकड़ लिया। इसकी सूचना मिलते ही शाला विकास समिति के अध्यक्ष नोहर वर्मा भी मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह किताबें कबाड़ी के हवाले की जा रही थीं। वीडियो के वायरल होते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संकुल समन्वयक को निलंबित कर दिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रभाव से निलंबन आदेश जारी किया गया है और साथ ही एक जांच समिति गठित कर दी गई है, जो पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करेगी।
