हनी ट्रैप में फंसाकर युवक का अपहरण, 17 लाख की फिरौती मांगने वाले महिला-पुरुष गिरफ्तार!

जांजगीर: (प्रांशु क्षत्रिय) थाना जांजगीर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हनी ट्रैप और अपहरण का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक को प्रेमजाल में फंसाकर बंधक बना लिया गया और उसके परिजनों से 17 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जून 2025 की शाम करीब 7 बजे ग्राम बसंतपुर निवासी बुधराम साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पुत्र किशन साहू शाम को टहलने निकला था, लेकिन रात 8 बजे उसके मोबाइल से एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने धमकाते हुए कहा कि किशन एक लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है और उसका वीडियो बना लिया गया है। युवक को छोड़ने के एवज में 17 लाख रुपये की मांग की गई। इनकार करने पर किशन की हत्या की धमकी दी गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना जांजगीर व सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने पहरिया के आगे खेतों के बीच बने एक मकान में छापेमारी की और आरोपी अभय कुमार सूर्यवंशी (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 11 कुलीपोटा थाना जांजगीर के कब्जे से अपहृत युवक को बरामद किया। पूछताछ में अभय ने बताया कि उसने अपनी महिला साथी आयशा बेगम उर्फ अन्नू उर्फ अस्मिता साहू (26 वर्ष) निवासी वैगिनबंधान भोजपुर चांपा थाना चांपा के साथ मिलकर किशन को पहले व्हाट्सएप चैट के माध्यम से प्रेमजाल में फंसाया और फिर सुनियोजित तरीके से उसका अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद किशन के ही मोबाइल से उसके पिता को कॉल कर फिरौती मांगी जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी भी बरामद की है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 140(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

