बिलासपुर; शादी से लौटते समय घर के बाहर बैठे युवकों को टोका..कर दी मारपीट..4 नाबालिक सहित युवक हुआ गिरफ्तार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शराब पीने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक को समझाइश देना उस पर जानलेवा हमले का कारण बन गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिनमें चार नाबालिग भी शामिल थे। सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत सभी नाबालिकों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत अमन विहार मंगला निवासी प्रार्थी शुभम शर्मा ने 10 मई 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके रिश्तेदार प्रशांत त्रिवेदी पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया है। शुभम को फोन पर सूचना मिली थी कि प्रशांत को जबड़ापारा क्षेत्र में कुछ युवकों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया है। वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि प्रशांत रोड किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। परिजनों ने तत्काल उसे इलाज के लिए यूनिटी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल प्रशांत ने पुलिस को बताया कि वह एक शादी समारोह से लौटकर घर आ रहा था, तभी उसने देखा कि कुछ लड़के उसके घर के सामने नशा कर रहे थे। जब उसने उन्हें मना किया तो उन्होंने गाली-गलौच करते हुए पत्थर और लात-घूंसे से उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि इस घटना में जबड़ापारा क्षेत्र के चार नाबालिग लड़के शामिल थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। 5 जून को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग जबड़ापारा पुल के पास घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने साथी सुमित जेम्स उर्फ छोटू निवासी कुदुदण्ड के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने सुमित उर्फ छोटू को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह, नूतन चौक सरकंडा भेजा गया।
