बिलासपुर; सरकंडा क्षेत्र में अवैध रूप से घरेलू गैस रिफिलिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) थाना सरकंडा पुलिस ने अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से रिफिलिंग मशीन सहित कुल 6 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आर्या गैस रिपेयरिंग और पूर्णिमा किचन गैस रिपेयरिंग नामक दुकानों में बिना किसी वैध अनुमति के घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना सरकंडा प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर बताई गई दोनों दुकानों में पृथक-पृथक दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आर्या गैस रिपेयरिंग दुकान का संचालक जितेंद्र पटेल उम्र 42 वर्ष को अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसकी दुकान से चार घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। वहीं दूसरी ओर पूर्णिमा किचन गैस रिपेयरिंग दुकान के संचालक मानस साहू उम्र 20 वर्ष को भी गैस सिलेंडर रिफिलिंग करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उसकी दुकान से दो सिलेंडर बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल छह घरेलू गैस सिलेंडर और रिफिलिंग मशीन बरामद कर विधिवत जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1985 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
