बिलासपुर; चाचा-भतीजे में कहासुनी के बाद खून की होली! भतीजे ने चाकू से गोदकर कर दी चाचा की हत्या..खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला………

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) पारिवारिक विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया जब रात के समय एक युवक ने अपने ही चाचा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात तेलीपारा स्थित नंदू गैरेज के पीछे मृतक दिनेश हलवाई के घर में घटी। पुलिस ने आरोपी भतीजा सुमित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है। मृतक के बड़े भाई मुकेश गुप्ता जो ऑटो चालक हैं ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह घर पर खाना खा रहे थे। उसी समय उनका छोटा भाई दिनेश और भतीजा सुमित बाहर ऑटो में बैठकर शराब पी रहे थे। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर झगड़ा बढ़ता चला गया। दोनों गाली-गलौज करते हुए घर के अंदर आ गए। मुकेश ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की, तो सुमित ने दिनेश से कहा कि आज उसके घर मेहमान आए हैं, इसलिए वह गालियां न दे। लेकिन दिनेश ने उल्टा और ज्यादा गालियां दीं। बात इतनी बढ़ गई कि सुमित गुस्से में पागल हो गया और कमरे से चाकू लाकर दिनेश के पेट में ताबड़तोड़ वार कर दिया। दिनेश लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। परिजनों ने किसी तरह झगड़ा शांत कराया और घायल दिनेश को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने मुकेश गुप्ता की शिकायत पर आरोपी सुमित गुप्ता के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
