बिलासपुर; पुरानी रंजिश बनी खूनी खेल! चाकू चला, स्कूटी जली…सिरगिट्टी क्षेत्र में खौफ का तांडव, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला……

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत चुचुहियापारा फ्लाई ब्रिज के पास मोमिनपारा में चाकूबाजी और आगजनी की सनसनीखेज वारदात से दहशत फैल गई। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने विरोधी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने हमलावर की स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि मोमिनपारा निवासी समीर अली और प्रिंस ओगरे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर यह रंजिश हिंसा में तब्दील हो गई जब समीर ने गुस्से में आकर प्रिंस पर चाकू से दो से तीन वार किए। गंभीर रूप से घायल प्रिंस को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। घटना के बाद प्रिंस के साथियों ने बदला लेने की नीयत से समीर की एक्टिवा को बीच सड़क पर आग के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची सिरगिट्टी पुलिस ने हालात पर काबू पाया और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मुख्य आरोपी समीर अली फरार है, जिसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है। पुलिस ने घटना को लेकर आगजनी और जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

नशे का गढ़ बनता मोमिनपारा…!
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुचुहियापारा और मोमिनपारा क्षेत्र नशे के सौदागरों का अड्डा बन चुका है। आए दिन यहां मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सिरगिट्टी पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जा सके।
