तखतपुर; दोस्ती में मौत तक साथ: एक हादसे में गया, दूसरा फांसी पर झूला!..शादी देखने आया था, श्मशान पहुंच गया! दोस्त की मौत देख खुद भी दे दी जान..खबर पढ़कर समझिए पूरा मामला…….


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तखतपुर थाना क्षेत्र के गुनसरी गांव में एक ही रात में दो दोस्तों की मौत ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। नवरात्रि की अष्टमी पर जहां गांव जश्न में डूबा था, वहीं दो शवों ने त्योहार को मातम में बदल दिया। जानकारी के मुताबिक रतनपुर के रानीगांव निवासी विजय मरकाम (33) शादी के लिए लड़की देखने अपने पिता के साढू अशोक मरकाम के घर गुनसरी आया था। 4 अप्रैल की रात वह गांव के ही दोस्त होरीलाल गोंड के साथ डेम में शराब पार्टी कर रहा था। रात करीब 9 बजे शराब पीने के बाद दोनों लौट रहे थे कि तभी नशे में धुत होरीलाल गिर पड़ा। सिर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथी की लाश देख विजय मरकाम सदमे में आ गया। दोस्त की मौत बर्दाश्त नहीं कर पाया और गांव से कुछ दूर जाकर गमछे से पेड़ में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जब दोनों की मौत की खबर फैली तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विजय जिस घर में शादी के लिए लड़की देखने आया था, वहां अब मातम पसरा है। परिजन शादी की तैयारी में जुटे थे, किसी ने सोचा भी नहीं था कि दूल्हा बनने से पहले ही उनकी आंखों का तारा दुनिया को अलविदा कह जाएगा। एक ही गांव के दो जवान बेटों की एक रात में मौत से पूरे गांव में गम का माहौल है। नवरात्रि का जश्न मातम में बदल गया।

