शादी की खुशियां बदली मातम में! ट्रक की टक्कर से चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत..बेटी की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे, शादी का माहौल गम में बदला, परिवार सदमे में..खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला……..


छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर ऐसा कहर टूटा कि खुशियां मातम में बदल गईं। शादी का कार्ड बांटने निकले चाचा-भतीजे को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के जनकपुर निवासी रामाशंकर पोया (45) की बेटी की शादी तय हुई थी। शादी के कार्ड बांटने के लिए रामाशंकर अपने भतीजे लखपति पोया (40) के साथ बाइक से निकले थे। विजयनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के महावीरगंज के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। लखपति ने हेलमेट पहना था, लेकिन इतनी भीषण टक्कर में वह भी बेकार साबित हुआ। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रामानुजगंज भेजा। शनिवार को गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। विजयनगर चौकी प्रभारी अश्वनी सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। इस हादसे से गांव में शोक की लहर है, और बेटी की शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई हैं।

