सरकारी राशन में बड़ा खेल! मस्तुरी में गड़बड़ी पकड़ाई..प्रबंधक और विक्रेता पर FIR दर्ज, पढ़िए पूरी खबर…….


मस्तूरी : (प्रांशु क्षत्रिय) शासन द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान में भारी अनियमितता का मामला उजागर हुआ है। मस्तुरी थाना क्षेत्र स्थित सेवा सहकारी समिति मस्तुरी (ID: 402002001) में बड़े पैमाने पर खाद्यान्न घोटाला पकड़ा गया है। इस मामले में प्रबंधक मनोज रात्रे और विक्रेता मनीराम कुर्रे के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सहकारिता विस्तार अधिकारी गोधूलि वर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान खाद्य निरीक्षक ललिता शर्मा और उनकी टीम ने 22 अगस्त 2024 को स्टॉक की जांच की, जिसमें 272.50 क्विंटल चावल कम, 3.77 क्विंटल शक्कर और 8.04 क्विंटल रिफाइंड नमक अधिक पाया गया। रिपोर्ट कलेक्टर खाद्य शाखा बिलासपुर को भेजी गई, जिसके बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मस्तुरी के निर्देश पर FIR दर्ज की गई। आरोपियों पर धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम और 3(5)-BNS, 316(5)-BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में स्टॉक रिकॉर्ड, मूल्य तालिका, निगरानी समिति की जानकारी और वितरण पंजी में भी गंभीर खामियां मिलीं। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और अन्य संभावित दोषियों की भूमिका पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राशन घोटाले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों को मस्तूरी पुलिस ने किया गिरफ्तार…….


