बिलासपुर! कैप्सूल ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत, नाना घायल…कार्यक्रम से लौट रहे थे घर, रास्ते में हुआ हादसा, खबर पढ़कर जानिए पूरा मामला……

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्री में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके नाना गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम रेमंड परसदा निवासी 75 वर्षीय पुनीत राम श्रीवास अपने 22 वर्षीय नाती महेश कुमार श्रीवास के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलासपुर के अशोक नगर आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों शाम को बाइक क्र. CG 11 BE 4577 से घर लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे जब वे पेंड्री पहुंचे, तभी मस्तूरी से जांजगीर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कैप्सूल ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयानक था कि महेश श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके नाना पुनीत श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को मस्तूरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। घायल पुनीत श्रीवास का इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मस्तूरी पुलिस ने अज्ञात कैप्सूल ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

