VIDEO; धमतरी और बलौदा बाजार में सड़क हादसे: तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलटने से पांच की मौत, एक घायल.. वीडियो देख पढ़िए पूरी खबर…….


धमतरी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीनी तीन मासूमों की जान…….
धमतरी: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन नाबालिग बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। यह घटना ग्राम चर्रा के पास हुई, जब चार दोस्त ट्रैक्टर से घूमने निकले थे। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी, धमतरी यातायात प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान प्रीतम चंद्राकर, मंयक ध्रुव और हुणेन्द्र साहू के रूप में हुई है, जो ग्राम मोंगरा और चर्रा के निवासी थे। घायल अर्जुन यादव, जो बानगर का रहने वाला है, को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र और पीड़ित परिवारों में शोक की लहर है।
बलौदा बाजार में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत………
बलौदा बाजार जिले में भी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक नाबालिग और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा ग्राम खैंदा के पास हुआ, जब ट्रैक्टर-ट्रॉली गिट्टी खाली कर लौट रही थी। अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। मृतक पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम नारी के निवासी थे। हालांकि ट्रैक्टर के इंजन में बैठे चालक और एक अन्य व्यक्ति सुरक्षित बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


