हसदेव नदी किनारे मिली बाइक और कपड़े: कोरबा में तीन कॉलेज छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में हैं लापता, तलाश जारी, पढ़िए पूरी खबर……..


छत्तीसगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में तीन कॉलेज छात्र सोमवार सुबह से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। तलाशी के दौरान हसदेव नदी के बिंझरा घाट के पास उनकी बाइक और कपड़े बरामद किए गए हैं, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। लापता छात्रों की पहचान 18 वर्षीय आशुतोष सोनिकर (आईटीआई छात्र), 19 वर्षीय बजरंग प्रसाद और 26 वर्षीय सागर चौधरी (दोनों सीएसईबी कॉलोनी निवासी) के रूप में हुई है। इनमें से दो छात्र पीजी कॉलेज में पढ़ते हैं। परिजनों के अनुसार, तीनों युवक सोमवार सुबह से लापता थे। जब वे घर नहीं लौटे, तो उनकी खोजबीन शुरू की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों की सूचना पर दर्री थाना पुलिस ने जांच शुरू की और छात्रों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन के आधार पर पुलिस बिंझरा घाट पहुंची, जहां नदी किनारे उनकी बाइक और कपड़े बरामद हुए। यह देखकर संदेह गहरा गया कि तीनों युवक नदी में डूब गए होंगे।
गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी…….
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गोताखोरों की टीम को बुलाया है, जो हसदेव नदी में छात्रों की तलाश कर रही है। वहीं परिजन और स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द खोजबीन तेज करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। यह हादसा है या कुछ और, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।

