बिलासपुर! अवैध गैस रिफिलिंग से बड़ा हादसा: नाबालिग झुलसा, संचालक फरार, पढ़िए पूरी खबर……


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) चांटीडीह इलाके में एक दुकान में अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान आग लगने से एक नाबालिग गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस हादसे के बाद दुकान संचालक फरार हो गया है। हैरानी की बात यह है कि घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई है। चांटीडीह में “बलदाऊ किचन केयर” नाम से एक दुकान है, जहां किचन उपकरणों की मरम्मत के साथ-साथ अवैध गैस रिफिलिंग का काम भी किया जाता है। सोमवार दोपहर दुकान संचालक बलदाऊ यादव गैस सिलिंडर रिफिलिंग कर रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी। इस दौरान वहां मौजूद नाबालिग ओम यादव आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसे नाबालिग को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि ओम यादव दुकान में काम करता था और हादसे के वक्त वह वहां मौजूद था। हादसे के तुरंत बाद दुकान संचालक बलदाऊ यादव मौके से फरार हो गया।

अवैध रिफिलिंग पर प्रशासन लापरवाह……
शहर में कई जगहों पर घरेलू सिलिंडर से छोटे सिलिंडरों में अवैध रिफिलिंग का काम खुलेआम हो रहा है। स्थानीय गैस एजेंसी के कर्मचारियों और खाद्य विभाग की लापरवाही के चलते यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी रिफिलिंग न केवल खतरनाक है बल्कि लोगों की जान जोखिम में डाल रही है। सोमवार को हुई इस घटना ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में अवैध रिफिलिंग की रोकथाम के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी और कार्रवाई की कमी से ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।


