बिलासपुर! हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक चालक की मौके पर ही मौत, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज, पढ़िए पूरी खबर…….

रतनपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बीती रात रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जाली के पास ठाकुर ढाबा के सामने नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब कोयला लोडकर जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 10 सी 6765 को विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि ट्रक चालक राम सिंह निवासी मिर्जापुर उत्तर प्रदेश की मौके पर ही केबिन में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक राम सिंह और उसका बेटा राकेश सिंह कोयला लोडकर विश्रामपुर से भिलाई जा रहे थे। राकेश सिंह अपने ट्रक से कुछ ही दूरी पर आगे चल रहा था, जबकि राम सिंह पीछे वाले ट्रक को चला रहा था।

रात लगभग 10:35 बजे ठाकुर ढाबा के पास राम सिंह के ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, और राम सिंह उसमें फंस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद राम सिंह के बेटे राकेश सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर रतनपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को केबिन से बाहर निकाला। रतनपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

