रेप पीड़िता ने की सुसाइड; मरने से पहले वीडियो पोस्ट कर कहीं..मरने जा रही, मौत का जिम्मेदार होगा सोनू सिंह, कुएं में मिली लाश, पढ़िए पूरी खबर……

बलरामपुरः (प्रांशु क्षत्रिय) बलरामपुर जिले में एक रेप पीड़िता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर आत्महत्या कर ली, जिसमें उसने अपने प्रेमी सोनू सिंह और उसके भाई को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। युवती पिछले दो दिनों से लापता थी और शुक्रवार सुबह उसकी लाश घर के पास के कुएं में पाई गई। सुसाइड से पहले पोस्ट किए गए वीडियो में पीड़िता ने कहा, केस खत्म करवाने के लिए सोनू ने मंदिर में मुझसे शादी की, फिर कोर्ट में किसी और से शादी कर ली। उसने मेरे फोन से शादी की तस्वीरें भी डिलीट कर दीं और मुझे धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो मार देगा। इस मानसिक प्रताड़ना और धमकियों के चलते उसने अपनी जान देने का निर्णय लिया। पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी 5 नवंबर से लापता थी और शुक्रवार सुबह लोगों ने उन्हें कुएं में लाश मिलने की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं बल्कि एक साजिश का नतीजा है, क्योंकि उसकी नाक से खून और आंख पर चोट के निशान पाए गए हैं। ग्रामीणों और परिजनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो को जांच का अहम हिस्सा मानते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच करने की अपील की है। बलरामपुर के एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की जा रही है। गौरतलब है कि आरोपी सोनू सिंह उम्र 23 वर्ष पहले से ही रेप के आरोप में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका था, लेकिन कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर रिहा हुआ था। बताया गया है कि युवती की गुमशुदगी से एक दिन पहले ही वह सोनू सिंह के साथ कोर्ट में पेशी पर गई थी।

