बिलासपुर में साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार…….

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रेंज साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मध्यप्रदेश के उज्जैन से अमृत लाल जाट और राहुल जाट (35) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों में ठगी की रकम मंगाकर बाद में दूसरे खातों में ट्रांसफर की जाती थी। पुलिस को छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की मंगला शाखा के एक खाते में संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली थी। जांच में एक महीने के भीतर करीब 12 से 15 लाख रुपए के संदिग्ध लेन-देन का पता चला। पुलिस ने बैंक रिकॉर्ड, KYC दस्तावेज, मोबाइल नंबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों, और साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
