सीपत; स्टे ऑर्डर के बावजूद निर्माण जारी..तहसीलदार के आदेश की अनदेखी, आदिवासी परिवार ने लगाया जमीन पर कब्जे का आरोप!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सीपत तहसील क्षेत्र के ग्राम भौराडीह में जमीन विवाद को लेकर आदिवासी परिवार ने तहसीलदार न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर निर्माण कार्य जारी रखने का आरोप लगाया है। ग्राम पंचायत धनिया निवासी अश्वनी कुमार जगत के मुताबिक, विवादित जमीन पर निर्माण कार्य रोकने के लिए तहसीलदार सीपत न्यायालय ने 9 जुलाई 2026 को आदेश जारी किया था, इसके बावजूद निर्माण नहीं रोका गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आदेश के बाद भी 24 जुलाई को निर्माण कार्य कराया गया और अब दोबारा निर्माण तेजी से जारी है। आदेश में विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण को तत्काल रोकने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही आदेश का पालन नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। अश्वनी कुमार जगत ने दावा किया कि विवादित जमीन आदिवासी परिवार से संबंधित है और उस पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर निर्माण तत्काल रुकवाने, जमीन की निष्पक्ष जांच कराने और आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब निर्माण रोकने का आदेश पहले ही जारी हो चुका है, तो उसके बावजूद काम कैसे जारी है? अब प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और जमीन की वास्तविक स्थिति क्या है, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
