त्योहारों से पहले गुंडे-बदमाशों की लगी ‘क्लास’; बिलासपुर पुलिस ने कराई परेड, दी दो टूक..उपद्रव किया तो खैर नहीं!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) आगामी गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी थानों के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की परेड कराई। पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों के मौजूदा गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की समझाइश दी। पुलिस ने स्पष्ट हिदायत दी कि त्योहारों के दौरान उपद्रव या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर बाउंड ओवर की प्रक्रिया के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के बदमाशों को तलब किया। पुलिस ने सभी से परिवार के साथ शांतिपूर्वक त्योहार मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
