NTPC में नौकरी लगवाने का झांसा; 5 युवकों से लाखों की ठगी..आरोपी गिरफ्तार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) एनटीपीसी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों से रकम ऐंठने वाले आरोपी को मोपका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लगरा निवासी सुमित केंवट (28) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, लगरा निवासी रथ लाल लहरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुमित ने नेताओं से जान-पहचान होने का दावा करते हुए एनटीपीसी में नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 34 हजार रुपए और शैक्षणिक दस्तावेज लिए थे। इसी तरह फरहदा के विमल केवट से 65 हजार, कंचनपुर के ईश्वर केवट से 50 हजार, संजय केवट से 40 हजार और लगरा के सूर्य प्रकाश केवट से 24 हजार रुपए लेने का आरोप है। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
