कानफोड़ू पटाखे वाली बुलेट पर बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस का प्रहार; 8 मोडिफाइड साइलेंसर समेत 20 वाहन जब्त/कार्रवाई!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर में पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाले मोडिफाइड साइलेंसर और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 8 मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट समेत कुल 20 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। सभी वाहनों के प्रकरण तैयार कर न्यायालय भेजे जा रहे हैं। पुलिस ने सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महिमा तिराहा और मैग्नेटो मॉल रोड सहित प्रमुख स्थानों पर कार्रवाई की। इसमें मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, बिना नंबर प्लेट और स्टाइलिश नंबर प्लेट समेत अन्य उल्लंघन पकड़े गए। यातायात पुलिस के मुताबिक, मोडिफाइड साइलेंसर से होने वाली तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण के साथ आम लोगों में परेशानी और असहजता की स्थिति बनती है। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहनों में नियम विरुद्ध मॉडिफिकेशन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में की गई।
