मिडिल स्कूल के दाल में मिली मृत छिपकली, 30 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, मचा हड़कंप, पढिए पूरी खबर……

गरियाबंद: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले के मैनपुर स्थित पीपल खुंटा मिडिल स्कूल में सोमवार को मध्यान्ह भोजन के दौरान दाल में मरी हुई छिपकली मिलने से 30 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार दोपहर के भोजन के समय जब बच्चों को दाल परोसी जा रही थी, तभी दाल में एक मरी हुई छिपकली का पता चला। भोजन परोसते समय ही बच्चों को दाल में छिपकली देखने को मिली, जिसके बाद सभी बच्चों को तत्काल खाना खाने से रोक दिया गया। लेकिन तब तक कई बच्चे आधा से अधिक खाना खा चुके थे। इसके तुरंत बाद बच्चों में सिर दर्द, उल्टी और चक्कर जैसी समस्याएं शुरू हो गईं। प्रधान पाठक संतोष जगत ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बच्चों के पालकों से संपर्क किया और 108 एंबुलेंस को बुलाया। शाम साढ़े 4 बजे सभी 30 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर में भर्ती कराया गया। सभी बच्चों का इलाज अभी भी जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) महेश पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इस मामले की गहन जांच की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
