एनटीपीसी सीपत से कॉपर केबल चोरी का खुलासा; 24 घंटे में 8 आरोपी गिरफ्तार..2 क्विंटल से ज्यादा कॉपर वायर बरामद, दीवार फांदकर उड़ाए कॉपर केबल के 12 ड्रम!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) एनटीपीसी सीपत में फ्लोटिंग सोलर परियोजना के कार्यस्थल से कॉपर केबल वायर चोरी करने के मामले में सीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कंपनी के साइड ऑफिस से कॉपर केबल के 12 ड्रम चोरी किए थे। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा किया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा, एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ब्रिज एंड रूफ (इंडिया) लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी अरुण कुमार सिन्हा ने 16 अक्टूबर 2026 को थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कंपनी द्वारा एनटीपीसी सीपत टाउनशिप के उज्ज्वल नगर स्थित जलाशय-1बी में 26 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना स्थापित करने का काम किया जा रहा है। परियोजना के साइड ऑफिस में 6 एमएम के कॉपर केबल वायर के 100 ड्रम रखे गए थे। जांच के दौरान प्रार्थी और उनके सहयोगी को 12 ड्रम गायब मिले। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा केबल चोरी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना सीपत की टीम ने जांच तेज की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।
दीवार फांदकर कार्यालय में घुसे, केबल जलाकर निकाला कॉपर….
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अक्टूबर माह की 5, 8, 9 और 10 तारीख की रातों में कंपनी के कार्यालय की दीवार फांदकर कॉपर केबल वायर चोरी किया था। चोरी किए गए केबल ड्रम को चंद्रहास सूर्यवंशी के ई-रिक्शा क्रमांक CG 10 CD 7142 में लोड किया गया। इसके बाद प्रगति नगर स्थित खंडहर अस्पताल परिसर में केबल जलाकर कॉपर निकाला गया और उसे ई-रिक्शा में भरकर नवाडीह के कबाड़ी नंद कुमार साहू को बेच दिया गया। पुलिस के अनुसार, चोरी के कॉपर वायर को 2,00,106 रुपये में बेचा गया था। आरोपियों ने बिक्री से प्राप्त रकम आपस में बांट ली। इसी रकम से एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल खरीदने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2 क्विंटल 11 किलोग्राम कॉपर केबल वायर, घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा, हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और 15,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, चोरी के मामले में शेष बरामदगी और आरोपियों की भूमिका की जांच की गई है। गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार देवार उर्फ अकड़ी (40), देवी लाल देवार (40), उमाशंकर सूर्यवंशी (36), चंद्रप्रकाश सूर्यवंशी (20), चतुर राम खरे (45), अनिल कुमार सूर्यवंशी (22), चंद्रहास सूर्यवंशी (22) और नंद कुमार साहू (45) शामिल हैं। इनमें सात आरोपियों पर चोरी की वारदात में शामिल होने तथा नंद कुमार साहू पर चोरी का कॉपर वायर खरीदने का आरोप है।




