सीपत में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की रेड, 8.1 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार..बिक्री के लिए ले जा रहा था देशी प्लेन शराब, बाइक भी जब्त!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे चेतना अभियान के तहत सीपत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देशी शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.100 लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है, बरामद की है। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AZ 3068 को भी जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 अक्टूबर को सीपत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से बिक्री के लिए देशी प्लेन शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सीपत-जांजी रोड पर काली मंदिर के आगे मुख्य सड़क किनारे घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल पर शराब ले जाता एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसकी पहचान कमल प्रकाश शिकारी (33 वर्ष), पिता संतू लाल शिकारी, निवासी ग्राम मटियारी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 8.100 लीटर देशी प्लेन शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AZ 3068 को भी जब्त कर लिया गया। जब्त शराब की कीमत लगभग 3,600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




