कोटा में मौत बनकर आया ट्रक; बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, मासूम बेटे के दोनों पैर फ्रैक्चर…पीछे से ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बड़े भाई के सिर और हाथ में चोट!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) कोटा थाना क्षेत्र के नवापथरा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक चला रहे महेंद्र जगत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई सुरेंद्र जगत घायल हो गए। बाइक पर सवार सुरेंद्र के मासूम बेटे आदित्य के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम साल्हेकापा निवासी सुरेंद्र जगत मिस्त्री का काम करते हैं। 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने छोटे भाई महेंद्र जगत और बेटे आदित्य के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 L 0368 से साल्हेकापा से करगीकला जा रहे थे। बाइक महेंद्र चला रहे थे, बीच में आदित्य बैठा था, जबकि सुरेंद्र पीछे बैठे थे। तीनों जब कोटा थाना क्षेत्र के नवापथरा मोड़ के पास पहुंचे, तभी ग्राम बीजा की ओर से पीछे आ रहे ट्रक क्रमांक CG 10 BM 1500 के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। इस दौरान महेंद्र मोटरसाइकिल समेत ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर चोटों के चलते उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में सुरेंद्र जगत के दोनों हाथों की कोहनी और सिर के बाईं ओर चोटें आईं। वहीं, उनके बेटे आदित्य के दोनों पैरों में गंभीर चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। आपातकालीन सेवा की मदद से घायल आदित्य को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों के हादसे का शिकार होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में छोटे भाई की मौत और बेटे के घायल होने से परिवार सदमे में है।
फोटो से हुई ट्रक की पहचान, कोटा थाने पहुंचकर दर्ज कराई रिपोर्ट……
हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक का नंबर फोटो के जरिए सुरक्षित रखा। इसी आधार पर ट्रक की पहचान की गई। सुरेंद्र अपने भाई के शव को मरच्युरी में रखवाने के बाद घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने कोटा थाने पहुंचे। सुरेंद्र जगत की शिकायत पर कोटा पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 10 BM 1500 के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(a), 125(b) और 281 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




