नाबालिग के हाथों तेज रफ्तार कार से हादसा; वाहन मालिक पर भी कार्रवाई…सरकंडा में बाइक सवार युवक को टक्कर, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती; स्विफ्ट कार जब्त!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग द्वारा कार चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने वाहन मालिक के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सफेद मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार क्रमांक CG 10 BE 1235 को चाबी और दस्तावेजों सहित जब्त कर लिया है। हादसे में बाइक सवार युवक के बाएं पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल का बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे स्वर्णिम एरा, गीतांजली सिटी के पास हुई। सिरगिट्टी क्षेत्र की अन्नपूर्णा कॉलोनी, गणेश नगर निवासी साहिल खान ने पुलिस को बताया कि उनका बड़ा भाई समीर खान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 AW 2894 से काम पर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही सफेद स्विफ्ट कार के चालक ने कथित तौर पर तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को दाहिनी ओर से टक्कर मार दी। हादसे में समीर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1480/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(a) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
नाबालिग चला रहा था कार, मालिक पर भी शिकंजा……
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि दुर्घटना के समय कार एक नाबालिग बालक चला रहा था। पुलिस के अनुसार, नाबालिग के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। वहीं, कार मालिक ओमप्रकाश पिता हेतराम श्रीवास, निवासी स्वर्णिम एरा, सरकंडा के कब्जे से दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया। पुलिस ने वाहन मालिक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181, 4/181 और 5/180 के तहत कार्रवाई की है। जब्त वाहन में सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार, उसकी चाबी और संबंधित दस्तावेज शामिल हैं। सरकंडा पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है। हादसे में घायल युवक के उपचार और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नाबालिगों को वाहन चलाने देने और वाहन मालिकों की जिम्मेदारी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।




