खेत से घर लौट रही युवती ट्रेन की चपेट में आई, दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त..दोमुहानी में दर्दनाक हादसा, गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती; घर और खेत के बीच रेलवे लाइन पार करते समय हुआ हादसा!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) न्यायधानी बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दोमुहानी में गुरुवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। खेत से घर लौट रही 18 वर्षीय युवती रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में युवती के दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में युवती को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोमुहानी निवासी देविका बंजारे, पिता शिवकुमार बंजारे, गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने खेत से घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि युवती का घर रेलवे लाइन के एक तरफ है, जबकि परिवार का खेत दूसरी तरफ स्थित है। ऐसे में खेत से घर आने-जाने के लिए उसे रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। गुरुवार को भी देविका खेत से घर लौट रही थी। इसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि उसके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। युवती की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि घर और खेत रेलवे लाइन के अलग-अलग तरफ होने के कारण देविका को नियमित रूप से इस रास्ते से गुजरना पड़ता था। गुरुवार को भी वह खेत से घर लौट रही थी, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना ने रेलवे लाइन पार करने के दौरान सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है। फिलहाल युवती का अस्पताल में उपचार जारी है।




