सुकमा में नक्सलियों के डम्प पर बड़ा प्रहार; 13 हथियार और 208 डेटोनेटर बरामद!

सुकमा: (प्रांशु क्षत्रिय) नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। किस्टाराम थाना क्षेत्र के ग्राम पालाचलमा के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प से 13 हथियार, 46 जिंदा कारतूस और 208 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 12 अक्टूबर को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। तलाशी के दौरान हथियार, बीजीएल लांचर, विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण बरामद किए गए। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है। बरामदगी में 2 .303 रायफल, 4 बीजीएल लांचर, 3 नग 12 बोर रायफल, 2 भरमार, एक सिंगल शॉट और एक देशी कट्टा शामिल हैं। इसके अलावा इंसास मैगजीन के साथ 26 जिंदा राउंड, 12 बोर के 20 जिंदा राउंड, 208 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, एक तीर बम, 2 बीजीएल सेल, वायरलेस सेट, चार्जर और विभिन्न हथियारों के खाली खोखे भी बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत बनाए रखने के लिए नक्सलियों के छिपे डम्प की तलाश में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
