युवा कांग्रेस चुनाव पर बवाल : शिव डहरिया ने उठाए सवाल, बोले- निष्पक्ष नहीं हुआ चुनाव, रद्द करने की मांग
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर विवाद बढ़ गया है। पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए इसे रद्द करने की मांग की है। उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायतों पर गंभीरता से जांच की अपील की.....

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर ही सवाल उठने लगे हैं। चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर अब पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता शिव डहरिया ने खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने मौजूदा चुनाव को रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि इस बार युवा कांग्रेस का चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं कराया गया।
शिव डहरिया के मुताबिक चुनाव के दौरान कई तरह की गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने युवा कांग्रेस चुनाव आयोग से इन शिकायतों को गंभीरता से लेने और पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि चुनाव प्रक्रिया में अनियमितता हुई है तो उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
चुनाव की निष्पक्षता पर उठे सवाल
युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से शिकायतें सामने आने का दावा किया जा रहा है। चुनाव में शामिल उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं की ओर से भी प्रक्रिया को लेकर आपत्तियां जताई गई हैं। ऐसे में संगठन चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर बहस तेज हो गई है। श्री डहरिया ने इसी आधार पर चुनाव प्रक्रिया की समीक्षा किए जाने की जरूरत बताई है। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले में हस्तक्षेप कर शिकायतों की जांच कराने और आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
राष्ट्रीय चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के सवालों के बीच पार्टी का आंतरिक विवाद
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर उठे सवालों ने कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से भी एक अलग स्थिति पैदा कर दी है। एक तरफ कांग्रेस के शीर्ष नेता दिल्ली में देश के चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ में पार्टी के अपने संगठनात्मक चुनाव को लेकर ही चुनाव अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

