मालिक इलाज के लिए बाहर गया तो बिलासपुर के राजीव प्लाजा से कर्मचारियों ने साफ कर दी मोबाइल दुकान..15-20 बॉक्स मोबाइल कॉम्बो समेत सामान चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तारबाहर थाना पुलिस ने राजीव प्लाजा स्थित जीएम मोबाइल दुकान से मोबाइल रिपेयरिंग सामान चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी इसी दुकान में काम करते थे और दुकान संचालक के बाहर जाने का फायदा उठाकर मोबाइल पार्ट्स एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी निरंकार चंद्रमलघानी ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजीव प्लाजा में उसकी जीएम मोबाइल नाम से मोबाइल पार्ट्स एवं रिपेयरिंग की दुकान है। वह अपने पिता के इलाज के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान दुकान में काम करने वाले नितेश गुप्ता, साहिल नरवारे और सचिन श्रीवास द्वारा दुकान से करीब 15 से 20 बॉक्स मोबाइल कॉम्बो एवं अन्य सामान चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई। शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने दुकान में काम करने वाले संदिग्ध कर्मचारियों को थाने बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने मामले में नितेश गुप्ता उर्फ मोनू (27 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर तिफरा और सचिन श्रीवास उर्फ तरूण (19 वर्ष), निवासी बंधवापारा, बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में चोरी किए गए सामान की बरामदगी और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

