गांधी जयंती पर सड़क पर अनोखा विरोध; जर्जर NH-43 की धूल से परेशान लोगों ने राहगीरों को बांटे मास्क!


सरगुजा: (प्रांशु क्षत्रिय) गांधी जयंती के दिन सरगुजा में जर्जर NH-43 की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। सड़क से उड़ने वाली धूल से परेशान समाजसेवियों ने सड़क पर पहुंचकर राहगीरों को मास्क बांटे। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन करने वालों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी धूल के गुबार का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि NH-43 की जर्जर सड़क पर वाहनों के गुजरते ही बड़ी मात्रा में धूल उड़ती है। इससे सड़क किनारे रहने वाले लोगों के अलावा दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। धूल के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी समस्या की ओर प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए समाजसेवियों ने गांधी जयंती के दिन सड़क पर पहुंचकर राहगीरों को मास्क वितरित किए। विरोध के इस तरीके के जरिए लोगों ने सड़क की मरम्मत और समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई। समाजसेवियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाली और उससे उड़ने वाली धूल की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन NH विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार किया जाए, ताकि राहगीरों और स्थानीय रहवासियों को धूल से राहत मिल सके। गांधी जयंती के मौके पर किया गया यह विरोध क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान समाजसेवी अंकुर सिन्हा, राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने सड़क की समस्या को लेकर अपनी बात रखी।

