बरेला में 14 साल की छात्रा से हैवानियत; मारपीट के बाद जबरन ले गए..दो आरोपी गिरफ्तार!


मुंगेली: (प्रांशु क्षत्रिय) जरहागांव थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ मारपीट, जबरन ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की शाम नाबालिग छात्रा अपनी सहेली के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में साहिल यादव और प्रहलाद धुरी ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद छात्रा डर के कारण सीधे घर नहीं गई और बस से रतनपुर पहुंच गई। वहां एक महिला ने उसकी मदद की। अगले दिन घर लौटने के दौरान वह सकरी से बस बदलकर बरेला पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों ने उसे फिर पकड़ लिया और जबरन एक मकान के भीतर ले गए। छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि मकान के भीतर उसे नशीला इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। बाद में होश आने पर उसने खुद को असहज स्थिति में पाया। इसके बाद घर पहुंचकर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर जरहागांव थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जरहागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(2), 65(1), 137(2), 351(3), 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

