सीपत क्षेत्र में जंगल की लकड़ी का अवैध कारोबार बेनकाब..सागौन-खैर की चिरान जब्त, अपराध दर्ज!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) वनों की अवैध कटाई और लकड़ियों के अवैध भंडारण के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बिलासपुर वन मंडल की टीम ने सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम साजापाली, सोंठी में छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध सागौन और खैर की चिरान लकड़ियां जब्त की हैं। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वन विभाग की टीम को अवैध लकड़ियों के भंडारण की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने ग्राम साजापाली सोंठी निवासी रुद्रनारायण, पिता कीर्तन लाल के ठिकाने पर कार्रवाई की। जांच के दौरान मौके से सागौन चिरान के 51 नग और खैर चिरान के 3 नग बरामद किए गए। जब्त लकड़ियों का कुल आयतन 0.506 घन मीटर बताया गया है। वन विभाग के अनुसार, बरामद लकड़ियों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद भारतीय वन अधिनियम, 1927 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत वन अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अवैध कटाई और वनोपज की तस्करी पर रोक लगाने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगलों से अवैध रूप से लकड़ी काटने, उसका परिवहन अथवा भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक मनोज पाण्डे, वन मंडल अधिकारी बिलासपुर नीरज तथा उप वन मंडल अधिकारी टी.आर. मरई के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी यशपाल वर्मा, परिक्षेत्र सहायक सोंठी भोजराम खूंटे सहित सोंठी क्षेत्र के समस्त परिसर रक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

