कोटा के कोरी डैम में पर्यटकों से लूट का खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार..नाबालिग भी पकड़ा गया!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) पर्यटन स्थल कोरी डैम में घूमने पहुंचे युवाओं से मारपीट कर बैग और मोबाइल लूटने के मामले में कोटा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का एक पोको मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 10 CC 7858 जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को प्रार्थिया अपने साथियों के साथ बैंक संबंधी काम से कोटा आई थी। काम पूरा होने के बाद सभी कोरी डैम घूमने चले गए। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और प्रार्थिया के एक साथी के साथ मारपीट करते हुए बैग और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मामले में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 841/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्यों की मदद से आरोपियों के संबंध में सुराग जुटाए। इसी बीच सूचना मिली कि तीन युवक स्कूटी में सवार होकर कोटा के नाका चौक में मोबाइल बेचने के लिए घूम रहे हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को थाना लाकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने 23 सितंबर को कोरी डैम में प्रार्थिया और उसके साथी से बैग व मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29), निवासी कुंवारीमुड़ा, थाना कोटा, रामजी यादव (38), निवासी घासीपुर, थाना रतनपुर तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पोको मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा जब्त की है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को परिजनों को सूचना देकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

