रसीद 9 हजार की, वसूले 15 हजार; निगम टैक्स वसूली पर घुरु-अमेरी में बवाल..कमिश्नर ने दिए जांच के निर्देश!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) घुरु-अमेरी वार्ड क्रमांक 4 में टैक्स वसूली को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। आरोप है कि जोन कार्यालय के कुछ कर्मचारियों ने रसीद में दर्ज रकम से अधिक राशि वसूल की। एक मामले में करीब 9 हजार रुपए की रसीद काटने के बावजूद 15 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया गया है। यानी रसीद और कथित वसूली में करीब 6 हजार रुपए का अंतर बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार टैक्स के नाम पर उससे करीब 15 हजार रुपए लिए गए, जबकि दी गई रसीद में रकम लगभग 9 हजार रुपए दर्ज है। मामला सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि यदि अतिरिक्त राशि ली गई तो उसकी रसीद क्यों नहीं दी गई और राशि किस मद में ली गई। शिकायत में क्षेत्रीय पार्षद की भूमिका को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का जवाब भी सामने नहीं आया है। मामले की शिकायत निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे तक पहुंची। उन्होंने जांच के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर के मुताबिक संबंधित जोन कमिश्नर स्तर पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि रसीद और वसूली की रकम में अंतर क्यों आया और अतिरिक्त राशि लेने के आरोप में जिम्मेदारी किसकी है।

