बिलासपुर में निर्माणाधीन मकान बना चोर का निशाना; रात में सोता रहा परिवार, सुबह गायब मिले गहने-मोबाइल..27 हजार के सामान पर हाथ साफ करने वाला शातिर आरोपी पकड़ा गया!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मोबाइल और दो पावर बैंक समेत करीब 27 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक सबिना बेगम, निवासी मुरूम खदान, अशोक नगर, सरकंडा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 सितंबर की रात वह अपने परिवार के साथ अशोक नगर स्थित निर्माणाधीन मकान में सोई थीं। मकान में अभी दरवाजा नहीं लगा है और प्रवेश के स्थान पर त्रिपाल लगा हुआ था। 26 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि कपड़ों के बैग में रखी आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मंगलसूत्र और पायल गायब हैं। इसके अलावा पड़ोसी रईस खान का मोबाइल और पावर बैंक भी नहीं मिला। अज्ञात चोर करीब 27 हजार रुपए के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गया था। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1387/2026, धारा 305 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी का माल बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी……
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कैलाश साहू (27) चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने डीएलएस कॉलेज के पीछे मुरूम खदान, अशोक नगर निवासी कैलाश साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की घटना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही। उसके मेमोरेंडम के आधार पर चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पावर बैंक, एक जियो कंपनी का कीपैड मोबाइल, 21 नग बड़ी और 114 नग छोटी सिल्वर कलर की आर्टिफिशियल ज्वेलरी तथा सोने के रंग वाली 27 नग आर्टिफिशियल मंगलसूत्र बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

