SIR विवाद पर बिलासपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल; कलेक्टरेट तक विरोध मार्च..CEC का पुतला फूंका, गिरफ्तारी की मांग!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने बिलासपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से कलेक्टरेट तक विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। दरअसल, द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के भीतर लिए गए कुछ फैसलों को लेकर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक आपत्तियां नए मतदाताओं के पंजीयन, मतदाता नामों को हटाने तथा निर्वाचन आयोग के आईटी सिस्टम और मतदाता डेटाबेस के प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर थीं। हालांकि, निर्वाचन आयोग की ओर से इन रिपोर्टों पर कहा गया है कि आयोग के महत्वपूर्ण निर्णय, जिसमें SIR भी शामिल है, तीनों आयुक्तों की मंजूरी से लिए गए थे और आंतरिक विचार-विमर्श में अलग-अलग राय होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।
कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप……
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है और विपक्ष से जुड़े मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने इन आरोपों की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए सड़क पर उतरी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों एवं मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने भी निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि SIR के माध्यम से मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती। विरोध प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग के साथ ही मतदाता सूची में किए गए संशोधनों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा विधायक, पूर्व विधायक, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में सिद्धांशु मिश्रा, महेंद्र गंगोत्री, अटल श्रीवास्तव, सियाराम कौशिक, रश्मि सिंह, शैलेश पांडे, राजेंद्र शुक्ला, विजय पांडे, नरेंद्र बोलर, रविंद्र सिंह, राजेश पांडे, प्रमोद नायक, जितेंद्र पांडे, आशीष सिंह, राकेश शर्मा, देवेंद्र सिंह, आशीष गोयल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

