बिलासपुर; राजनीति में बड़ा पद दिलाने का झांसा देकर 82.63 लाख की ठगी, शातिर महिला गिरफ्तार..फेसबुक पर हुई पहचान से शुरू हुआ खेल!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) थाना सरकंडा पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपए की कथित ठगी करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर रकम ली थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार श्री विहार, सरकंडा निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की, निवासी खोंगापानी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए केंद्र और राज्य के बड़े नेताओं से करीबी संपर्क होने का दावा किया। बताया गया कि उसने पहले जमीन विवाद सुलझाने में मदद करने का भरोसा दिलाकर प्रार्थी का विश्वास हासिल किया। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी की राजनीति में रुचि और रोजगार की स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का कथित रूप से लालच दिया। पुलिस के मुताबिक पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी तथा उसके दोस्तों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों के माध्यम से और नगद मिलाकर कुल 82,63,194 रुपए लिए गए।
रकम वापस मांगी तो धमकाने का आरोप…..
शिकायत के मुताबिक जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी और राजनीतिक पद के संबंध में जानकारी चाही, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे धमकाया। पुलिस के अनुसार महिला ने पैसे वापस नहीं मिलने की बात कहते हुए बार-बार फोन करने या परेशान करने पर महिला संबंधी झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1376/2026, धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के झगराखांड और खोंगापानी क्षेत्र में भेजी गई। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस बल और गवाहों की मदद से आरोपी महिला को उसके निवास स्थान से अभिरक्षा में लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रार्थी से संबंधित दस्तावेज व बायोडाटा जब्त किए गए। विवेचना के दौरान आरोपी के पूर्व आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आने पर प्रकरण में धारा 119(1) BNS भी जोड़ी गई। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले……
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज रहे हैं। इनमें झगराखांड थाने में मारपीट/गाली-गलौज, वसूली और जुआ अधिनियम से जुड़े मामले तथा रायपुर के सिविल लाइन थाने में वसूली से संबंधित मामला शामिल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि राजनीतिक पद, प्रभावशाली नेताओं से संपर्क, नौकरी या किसी अन्य बड़े लाभ का लालच देकर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहें। संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।

