सूरजपुर में डबल मर्डर केस में 4 आरोपी दोषी : 8 अक्टूबर को सजा पर फैसला, प्रधान आरक्षक पर गाड़ी चढ़ाने वाले को 10 साल की सजा
सूरजपुर डबल मर्डर केस में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 4 आरोपियों को दोषी माना, 8 अक्टूबर को सजा सुनाई जाएगी। प्रधान आरक्षक पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में कुलदीप साहू को 10 साल की सजा मिली....

सूरजपुर। सूरजपुर में चर्चित पुलिस परिवार हत्याकांड से जुड़े दो मामलों में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आज अहम सुनवाई की। कोर्ट ने एक मामले में आरोपी को 10 साल की सजा सुनाई, जबकि प्रधान आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटी की हत्या के मामले में चार आरोपियों को दोषी करार दिया है। इस मामले में सजा की घोषणा 8 अक्टूबर को की जाएगी।
प्रधान आरक्षक की पत्नी-बेटी की हत्या में 4 दोषी
13 अक्टूबर 2024 की रात प्रधान आरक्षक उदय सिंह की पत्नी और उनकी मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस डबल मर्डर केस में फास्ट ट्रैक कोर्ट में लंबे समय से सुनवाई चल रही थी। आज कोर्ट ने मामले में चार आरोपियों को हत्या का दोषी माना। अब इन चारों दोषियों को कितनी सजा दी जाएगी, इसका फैसला 8 अक्टूबर को सुनाया जाएगा। फैसले को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता है।
प्रधान आरक्षक पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में 10 साल की सजा
इसी रात प्रधान आरक्षक उदय सिंह के ऊपर कथित तौर पर गाड़ी चढ़ाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई थी। इस मामले में आरोपी कुलदीप साहू को फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 10 साल के कारावास की सजा सुनाई है।
कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात
दोनों मामलों में कोर्ट के फैसले को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग न्यायालय परिसर पहुंचे। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की भी भारी तैनाती की गई थी। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
कोर्ट लाए जाने के दौरान आरोपी का वीडियो चर्चा में
इस बीच मामले में कोर्ट लाए गए आरोपी कुलदीप साहू का एक वीडियो भी चर्चा में है। वीडियो में आरोपी बदले हुए हेयरकट के साथ कथित तौर पर बेफिक्र अंदाज में नजर आ रहा है। वह वीडियो बनाए जाने की बात करता हुआ दिखाई देता है।
