रतनपुर; चोरी के बाद दुकान में लगाई आग..रात की गश्त में पकड़ा गया आरोपी!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रतनपुर में दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने और इसके बाद दुकान में आग लगाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात के कुछ ही घंटों बाद रात की गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से नकदी और हथियार बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने दुकान में चोरी और आगजनी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार रतनपुर पुलिस रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान 19 वर्षीय गणेश सूर्यवंशी, निवासी रेस्ट हाउस के पास रतनपुर, संदिग्ध हालत में मिला। वह शराब के नशे में था। तलाशी लेने पर उसके पास नकदी के साथ हथियार मिला, जिसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने मेला ग्राउंड स्थित दुकान का ताला तोड़कर पेटी में रखे 3,800 रुपए चोरी करने और इसके बाद माचिस से दुकान में आग लगाने की बात कबूल की। आगजनी में किराना सामान, फ्रिज, कूलर, पंखा, कुर्सी-टेबल और डेली नीड्स का सामान जल गया। दुकान संचालक ने करीब 5 लाख रुपए के नुकसान की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 1,116 रुपए बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बाकी 2,684 रुपए खाने-पीने में खर्च करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, आरक्षक पवन ठाकुर और धीरज कश्यप की विशेष भूमिका रही।

