करियर गाइडेंस सेमिनार से विद्यार्थियों को मिली नई दिशा, क्विज प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा..पीएम श्री आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में विशेषज्ञों ने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं, साइबर व सड़क सुरक्षा पर किया मार्गदर्शन!

जांजगीर: (प्रांशु क्षत्रिय) विद्यार्थियों को सही करियर विकल्प चुनने, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पीएम श्री आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, जांजगीर में करियर गाइडेंस सेमिनार एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उच्च शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्या परमेश्वरी सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सही समय पर सही मार्गदर्शन सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। एजुकेशन हब के फाउंडर डायरेक्टर धनंजय चतुर्वेदी ने कक्षा 10वीं और 12वीं के बाद विषय चयन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इंजीनियरिंग, मेडिकल, यूपीएससी, पीएससी, बैंकिंग, रेलवे, एसएससी, रक्षा सेवाओं, तकनीकी शिक्षा एवं अन्य रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। कार्यक्रम में टीआई जयप्रकाश और सीएसपी खरपड़े ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, साइबर सुरक्षा तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के विषय में विद्यार्थियों को जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। सेमिनार के बाद आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का परीक्षण किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में अतिथियों एवं शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय की प्राचार्या परमेश्वरी सोनी, रेखा तिवारी, पारिया मैडम सहित विद्यालय के शिक्षकों एवं एजुकेशन हब की टीम का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
