सीपत रोड पर दो दिन पुरानी युवक की लाश मिलने से हड़कंप; शरीर पर चोट के निशान..हत्या के एंगल से जांच में जुटी पुलिस!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बिलासपुर-सीपत रोड स्थित चावला ग्रीन्स के पास गुरुवार को एक युवक का दो दिन पुराना शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना एवं मोपका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में युवक के हाथ पर टैटू और शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। इन्हीं तथ्यों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के मद्देनजर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।