बिलासपुर में 100 रुपये के 4 पजामों को लौटाने पर हुआ बवाल..पैसे वापस नहीं मिलने से भड़की महिला, पति के साथ मिलकर दुकानदार से मारपीट, FIR दर्ज!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर के सदर बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में 100 रुपये के चार पजामों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट तक पहुंच गया। पजामे वापस कर पैसे मांगने पहुंची महिला ने जब दुकानदार द्वारा रुपये लौटाने से इनकार किया तो उसने अपने पति को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर महिला दुकानदार के साथ गाली-गलौज, मारपीट और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार सदर बाजार निवासी सलमा बेगम कपड़ों की दुकान संचालित करती हैं। उन्होंने बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे एक महिला उनकी दुकान पर आई और 100 रुपये में चार पजामे खरीदे। कुछ समय बाद वही महिला दुकान पर वापस पहुंची और सभी चार पजामे यह कहते हुए लौटाने लगी कि उसे वे पसंद नहीं आए। इसके बाद उसने खरीदे गए पजामों के बदले अपने रुपये वापस मांगे। शिकायत के मुताबिक दुकानदार सलमा बेगम ने रुपये लौटाने से इनकार करते हुए कहा कि पैसे वापस नहीं होंगे, यदि चाहें तो पजामों के बदले दुकान से कोई दूसरा सामान ले सकती हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला ने अपने पति को दुकान पर बुला लिया। पति के पहुंचते ही दोनों ने मिलकर महिला दुकानदार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दुकान में रखा सामान फेंक दिया और मारपीट करने लगे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने महिला दुकानदार का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जिससे उनके गले में चोट आई। घटना के बाद पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 एवं 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
