सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 16.2 लीटर अवैध शराब जब्त, एक्टिवा से शराब तस्करी करते दो आरोपी दबोचे!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सीपत थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खांडा स्थित पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 16.200 लीटर देशी प्लेन शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त एक एक्टिवा वाहन जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा अभियान’ के तहत सीपत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एक्टिवा से अवैध रूप से देशी शराब बिक्री के लिए ले जा रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम खांडा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर वाहन की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान एक्टिवा क्रमांक CG-10-BV-1695 से रमेश कुमार उर्फ रामेश्वर प्रसाद बंजारे (49 वर्ष) एवं प्रमेंद्र डहरिया (29 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम देवरी, थाना सीपत, को 16.200 लीटर देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7,200 रुपये मूल्य की शराब तथा एक्टिवा वाहन जब्त कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
