बिलासपुर; आईटीआई कोनी में प्राचार्य की अनुपस्थिति पर बवाल, एनएसयूआई ने निष्पक्ष जांच की मांग!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शासकीय आदर्श आईटीआई कोनी में प्राचार्य की कथित लगातार अनुपस्थिति, छात्रों के उत्पीड़न और संस्थान में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने शनिवार को प्रशासनिक समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि संस्थान में वर्तमान में प्रवेश प्रक्रिया जारी है और सोमवार से परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। ऐसे महत्वपूर्ण समय में भी प्रभारी प्राचार्य नवीन साहू नियमित रूप से संस्थान में उपस्थित नहीं रहते, जिससे विद्यार्थियों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। संगठन का आरोप है कि संस्थान के कुछ कर्मचारियों द्वारा छात्रों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। एनएसयूआई के अनुसार करीब छह माह पहले आयोजित न्यू ईयर पार्टी से जुड़ी शिकायत करने वाले छात्रों को अनुशासनात्मक कार्रवाई के नाम पर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। साथ ही, मामले की जांच कर रहे अधिकारी पर भी निष्पक्ष जांच नहीं करने और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया है। एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल जब प्राचार्य से चर्चा के लिए संस्थान पहुंचा तो वे वहां भी मौजूद नहीं मिले। इसके बाद प्रशासनिक समिति के समक्ष प्राचार्य की अनुपस्थिति की शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो छात्रहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। वहीं, फोन पर संपर्क करने पर प्रभारी प्राचार्य नवीन साहू ने बताया कि शनिवार को उनका अवकाश है। इस पर एनएसयूआई ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया जारी है और सोमवार से परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, तब प्राचार्य की अनुपस्थिति उचित नहीं है। संगठन ने यह भी सवाल किया कि यदि प्राचार्य अवकाश पर हैं तो विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान कौन करेगा। प्रदर्शन के दौरान पुष्पराज साहू, करन यादव, विन्नी विश्वकर्मा, राजा खान, राज चौहान, प्रशांत पाल, आशीष यादव, पारस पांडेय, मनेन्द्र अनंत, राज कोशले, सेसु साहू, करन पटेल, हिमेश भोई, अक्षत त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
