बिलासपुर; चलती क्रेटा की सनरूफ में स्टंट करना पड़ा महंगा: बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर यातायात नियमों की उड़ाई धज्जियां, चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई, वाहन जब्त किया!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती कार की सनरूफ में बैठकर स्टंटबाजी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। मानव जीवन को खतरे में डालते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में चकरभाठा पुलिस ने क्रेटा कार जब्त कर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 21 जून की रात करीब 2 बजे से 3 बजे के बीच रायपुर-बिलासपुर मार्ग स्थित हिर्री माइंस के पास एक क्रेटा कार (क्रमांक सीजी 10 बीई 4400) तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक दौड़ रही थी। कार की सनरूफ में बैठकर एक युवक स्टंटबाजी कर रहा था, जिससे न केवल उसकी जान खतरे में थी, बल्कि अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती थी। मामले की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्परता दिखाते हुए संबंधित वाहन को पकड़कर थाना लाया गया। पूछताछ में वाहन चालक की पहचान प्रशांत जायसवाल (21 वर्ष), निवासी पुराना बस स्टैंड, महुआ होटल के पास, थाना कोतवाली, बिलासपुर के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि उसके वाहन से यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ है। इसके बाद पुलिस ने क्रेटा वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की। चकरभाठा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने या रोमांच के लिए इस तरह की खतरनाक स्टंटबाजी से बचें। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
