बिलासपुर; डेढ़ करोड़ की लागत से बदला भारती नगर मुक्तिधाम का स्वरूपअवलोकन कर, लगाए नीम के पौधे: 35 सीसीटीवी कैमरे, पार्किंग, गार्डन, वाटर कूलर और अंतिम संस्कार की आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ मुक्तिधाम!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारती नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का रविवार को भव्य कार्यक्रम के बीच अवलोकन किया गया। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने मुक्तिधाम परिसर में वृक्षारोपण कर नीम के पौधे लगाए तथा नवविकसित सुविधाओं का निरीक्षण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थल नहीं, बल्कि मानव जीवन की नश्वरता, करुणा और सेवा के मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे स्थानों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अग्रवाल सेवा समिति की सराहना करते हुए कहा कि समिति ने इसे जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी स्थायी परियोजना के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के ‘एक रुपया और एक ईंट’ के सिद्धांत पर चलकर अग्रवाल समाज वर्षों से सहयोग, सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करता आ रहा है। इसी भावना के साथ मुक्तिधाम के विकास और रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने शहर के अन्य सामाजिक संगठनों से भी सार्वजनिक स्थलों के संचालन और विकास में आगे आने का आह्वान किया। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव सामाजिक सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि भारती नगर मुक्तिधाम को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाकर अंतिम यात्रा में शामिल होने वाले परिवारों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया गया है। उन्होंने भगवान श्रीराम के सेतु निर्माण में गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवा कार्य में छोटा-बड़ा कोई योगदान नहीं होता, बल्कि भावना और समर्पण महत्वपूर्ण होते हैं। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज अध्यक्ष शिव अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सेवा समिति के आनंद अग्रवाल ने समिति के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया तथा स्मृति स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए गए। इस दौरान समाज के विभिन्न दानदाताओं को सम्मानित भी किया गया। समिति के पदाधिकारियों अजय जाजोदिया, सीए आनंद अग्रवाल, राजुल जाजोदिया, संजय अग्रवाल, मनीष अग्रवाल और अनिल अग्रवाल ने बताया कि अप्रैल 2025 से अग्रवाल सेवा समिति द्वारा मुक्तिधाम के संचालन और विकास का कार्य किया जा रहा है। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से यहां व्यापक निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य कराए गए हैं। मुक्तिधाम में फायर ब्रिक्स से निर्मित स्थायी चबूतरे, आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पंखे, प्रकाश व्यवस्था, स्पीकर सिस्टम, दो वाटर कूलर, हरित उद्यान, पार्किंग, 35 सीसीटीवी कैमरे, अस्थि कलश स्टोर लॉकर, स्नान एवं पेयजल की व्यवस्था, बोरिंग तथा दाह संस्कार और दफन की सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा रखरखाव के लिए माली, सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मचारियों की भी व्यवस्था की गई है। समिति ने बताया कि मुक्तिधाम के रखरखाव एवं कर्मचारियों के वेतन पर प्रतिमाह लगभग डेढ़ लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। अग्रवाल समाज और सामाजिक सहयोगियों के सहयोग से जर्जर हो चुके मुक्तिधाम का कायाकल्प कर इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया गया है। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल ने तथा आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।
