कोल घोटाले में IT का बड़ा एक्शन : सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी संपत्ति ए-1 सूर्या रेजिडेंसी का मकान किया गया सील
भिलाई के कोहका स्थित ए-1 सूर्या रेजिडेंसी में आयकर विभाग ने कार्रवाई करते हुए सूर्यकांत तिवारी से जुड़ा 200 वर्गमीटर का मकान सील कर कब्जे में लिया।
भिलाई। कोल घोटाला मामले में आरोपी बताए जा रहे सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी संपत्ति पर आयकर विभाग ने कार्रवाई की है। सोमवार को विभाग की टीम भिलाई के कोहका इलाके में स्थित ए-1 सूर्या रेजिडेंसी पहुंची और करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले मकान को सील कर अपने कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ढोल-नगाड़ों के साथ मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि जिस मकान पर कार्रवाई की गई, उसमें पहले मनीष उपाध्याय निवास कर रहे थे। आयकर विभाग की ओर से उन्हें मकान खाली करने के संबंध में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद उन्होंने मकान खाली कर अपना सामान दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया था।
पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
मकान खाली कराने की प्रक्रिया के दौरान आयकर विभाग ने सुपेला पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति को सील करने की कार्रवाई पूरी की। कार्रवाई के बाद मकान को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी कथित बेनामी संपत्ति की जांच के सिलसिले में की गई है। आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद इलाके में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और मामले की जांच को लेकर विभाग की आगे की कार्रवाई जारी है।
